एक लड़का बहुत ही मन्द बुद्धि था। उसे पढ़ना-लिखना कुछ न आता था। बहुत दिन पाठशाला में रहते हुए भी उसे कुछ न आया... तो लड़कों ने उसकी मूर्खता के अनुरूप उसे.. 'बरधराज' अर्थात्.. 'बैलों का राजा' कहना शुरू कर दिया। घर बाहर सब जगह उसका अपमान ही होता।
एक दिन वह लड़का बहुत दुखी होकर पाठशाला से चल दिया और इधर-उधर मारा-मारा फिरने लगा। वह एक कुँए के पास पहुँचा और देखा कि किनारे पर रखे हुये जगत के पत्थर पर रस्सी खिंचने की रगड़ से निशान बन गये है।
लड़के को सूझा कि- "जब इतना कठोर पत्थर रस्सी की लगातार रगड़ से घिस सकता है तो क्या मेरी मोटी बुद्धि लगातार परिश्रम करने से न घिसेगी।"
वह फिर पाठशाला लौट आया और पूरी तत्परता और उत्साह के साथ पढ़ना आरम्भ कर दिया, उसे सफलता मिली। 'व्याकरण शास्त्र' का वह उद्भट विद्वान् हुआ। "लघु सिद्धान्त कौमुदी" नामक ग्रन्थ की उसने रचना की, जो संस्कृत व्याकरण का अद्भुत ग्रंथ है। उसके नाम में थोड़ा सुधार किया गया- 'बरधराज' की जगह फिर उसे "वरदराज" कहा जाने लगा।
इसी पर एक दोहा बना...
"करत-करत अभ्यास से जडमति होत सुजान।
रसरी आवत-जात से सिल पर पडत निसान॥"
अर्थात... जिस तरह कुवें की जगत के पत्थर पर बारबार रस्सी के आने-जाने की रगड से निशान बन जाते हैं, उसी प्रकार लगातार अभ्यास से अल्पबुद्धि भी बुद्धिमान बन सकता है।
— feeling positive.
No comments:
Post a Comment